पीलीभीत। पुलिस लाइन का निरीक्षण करने पहुंचे एसपी मनोज कुमार सोनकर तब गुस्साए गए जब डीसीआर (डिस्ट्रिक कंट्रोल रूम) कार्यालय के पास दो होमगार्ड बीड़ी पीते दिखाई दिए। एसपी को देख दोनों मौके से निकल गए, लेकिन एसपी ने इसको अनुशासनहीनता मानते हुए कार्यालय प्रभारी से स्पष्टीकरण तलब किया है। इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर भी खामियां मिली। जिनके सुधार कराने की जिम्मेदारी आरआई को दी गई है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब सवा 12 बजे एसपी मनोज कुमार सोनकर, सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल के साथ पुलिस लाइन का निरीक्षण करने निकले। सबसे पहले वह डीसीआर कार्यालय पहुंचे। यहां पर उनके पहली मंजिल पर पहुंचते ही दो होमगार्ड बीड़ी पीते मिल गए। एसपी के अचानक सामने आने पर दोनों भाग गए। एसपी ने इस पर कार्यालय प्रभारी की लापरवाही गिनाते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा। इसके बाद शौचालय से आ रही दुर्गंध ने वहां की बदहाली का पहले ही अहसास करा दिया। इसको लेकर भी एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद उन्होंने वायरलेस सिस्टम को चेक किया। यूपी 100 कार्यालय में भी गए। मेस, बैरक, एएसपी कार्यालय, जिम की व्यवस्था भी परखीं। अधिकांश कार्यालयों में लिंटर से पानी टपकने की शिकायतें मिली। इस पर उन्होंने आरआई को सुधार कराने के लिए कहा। इसके बाद महिला थाने का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि भवनों में मिली कमियों को जल्द दूर कराया जाएगा।