पीलीभीत। मेले में कास्मेटिक की दुकान लगाकर परिवार का भरण पोषण करने वाले एक युवक के खाते से रहस्मय ढंग से आठ हजार रुपये निकल गए। जमा करने के चंद घंटे बाद ही एटीएम पर जाकर चेक करने पर खाते में मात्र सौ रुपये जमा होना बताया गया। बैंक अफसरों से संतोषजनक जवाब न मिलने पर पीड़ित ने सुनगढ़ी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि पुलिस ने भी मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बजाए जांच के नाम पर टाल दिया है।
ट्रांसपोर्ट नगर काशीराम आवास कॉलोनी निवासी विक्रांत सक्सेना ने बताया कि उसका खाता टनकपुर रोड मंडी समिति स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में है। 14 अगस्त को उसने खाते में आठ हजार रुपये जमा किए थे। जिसके बाद उसका एकाउंट बैलेंस 8100 हो गया था। रुपये जमा करने के चंद घंटे बाद एटीएम पर जाकर चेक किया तो खाते से आठ हजार की रकम नदारद मिली। मात्र सौ रुपये खाते में शेष बताए गए, जबकि न तो कोई कॉल उसके पास आई न ही किसी से एकाउंट को लेकर बातचीत हुई। इसकी बैंक जाकर जानकारी की गई, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। जिसके बाद कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर सुनगढी़ पुलिस को दी गई है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस मामले में आज तक न तो बैंक जानकारी करने पहुंची, न ही रिपोर्ट दर्ज की। घटना को जांच के नाम पर हजम कर गई है।