पीलीभीत/बिलसंडा। मलिका गांव के पास सड़क किनारे 26 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। शव के गले व कलाई पर चोट के निशान और कपड़ों के 20 मीटर दूर पड़ा मिलने पर मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
बिलसंडा क्षेत्र के ग्राम मलिका के पास मंगलवार सुबह 26 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। खेत पर जाने को निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो हल्ला मच गया। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर एसओ सीपी शुक्ला पुलिस बल के साथ मौका मुआयना करने पहुंचे। शव पर चोट के निशान और बीस मीटर दूर पड़े मिली शर्ट फटी होने पर मारपीट के दौरान हत्या किए जाने की बात प्रारंभिक तौर पर सामने आई। आसपास के ग्रामीणों से शव की शिनाख्त के प्रयास किए गए, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल सकी है। एसओ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। अभी कुछ कहा नहीं जा सकता। पुलिस की टीमें मामले की छानबीन कर रही है।