सऊदी अरब में नौकरी दिलाने के नाम पर दो युवकों से 2.5 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि ठग ने दोनों युवकों के पासपोर्ट भी हड़प लिए। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
कस्बा निवासी अतीक अहमद का 22 वर्षीय पुत्र मोहम्मद सलीम बैल्डर है। पांच माह पूर्व उसकी मुलाकात ऊधम सिंह नगर के थाना सितारगंज के गांव गोरीखेड़ा निवासी हाजी शकील से हुई। बकौल मोहम्मद सलीम, हाजी शकील ने सऊदी अरब में 50 हजार रुपये प्रति माह की नौकरी दिलाने की बात कहते हुए पासपोर्ट बनवाने को कहा। इस पर सलीम ने पासपोर्ट बनवाकर शकील को दे दिया। कुछ दिन बाद शकील ने दिल्ली ले जाकर एक ऑफिस में इंटरव्यू कराया और वीजा बनवाने के नाम पर 80 हजार रुपये ले लिए। सलीम के साथ खटीमा का भी एक युवक था। शकील ने उससे भी 80 हजार रुपये लिए। 13 फरवरी को शकील ने वीजा बनने की जानकारी दी और टिकट बुक कराने के लिए 40 हजार रुपये और मांगे। 15 फरवरी को सलीम ने अपने पिता के साथ दिल्ली जाकर शकील को 40 हजार रुपये दे दिए। इस बीच शकील ने अपने एक साथी गोरीखेड़ा निवासी अकील के माध्यम से कुछ कागजात भिजवाए और 22 मार्च को फ्लाइट होने की सूचना भिजवाई। आरोप है कि 20 मार्च को जब सलीम गांव गोरीखेड़ा पहुंचा तो वहां लोगों ने बताया कि शकील अपना सामान लेकर कहीं चला गया है। उसने अपना मोबाइल भी बंद कर लिया। मोहम्मद सलीम ने सितारगंज पुलिस को घटना की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।