पीलीभीत। गमी की होली मिलने खुटार गए कंपाउंडर के घर को निशाना बनाकर चोर हजारों की नकदी समेत दो लाख के जेवरात समेट ले गए। सोमवार सुबह घर वापसी पर परिवार वालों को इस घटना की जानकारी हो सकी। चोरी की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौके मुआयना कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। कोतवाली क्षेत्र के नखासा मोहल्ला निवासी अनंतराम शहर स्थित एक हॉस्पिटल में कंपाउंडर हैं। शनिवार की शाम वह घर में ताला लगाकर पत्नी उर्मिला व दोनों बच्चों के साथ खुटार अपने एक रिश्तेदार के यहां गमी की होली मिलने गए थे। इस बीच कंपाउंडर के बंद घर को निशाना बनाते हुए घर के मेन गेट पर लगा तोड़कर चोर अंदर दाखिल हो हुए। इसके बाद चोरों ने अंदर गैलरी में लगे दरवाजे का ताला और फिर कमरे का ताला तोड़ने के बाद अलमारी का लॉकर तोड़ उसमें रखी नगदी समेत सोने चांदी के जेवर समेट लिए। सोमवार सुबह करीब नौ बजे घर वापस लौटे अनंदराम दरवाजा खुला देख दंग रहे गए। घर के अंदर जाकर देखा तो बेड खुला था, कपड़े फैले थे और सारा सामान बिखरा था, अलमारी खुली थी और उसमें रखे 45 हजार रुपये, सोने की चेन, अंगूठी व चांदी के जेवर गायब थे। अनंतराम ने इसकी जानकारी पड़ोसी पुलिसकर्मी को दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। अनंतराम के मुताबिक चोर नकदी समेत दो लाख के जेवर समेट ले गए है। तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।