पीलीभीत। फोटो स्टेट की दुकान पर पहुंचे युवक पर देश विरोधी टिप्पणी करने के आरोप की पुलिस जांच में पुष्टि नहीं हुई। जांच में पता चला कि पुलवामा कांड को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे मैसेज को लेकर युवक से बहस हुई थी। इस पर दूसरे पक्ष के लोगों ने देश विरोधी टिप्पणी करने का आरोप लगाकर युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।
बृहस्पतिवार शाम सिविल लाइन साउथ निवासी जितेंद्र कुमार राठौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनकी फोटो स्टेट की दुकान पर आए एक युवक ने देश विरोधी टिप्पणी की है। विरोध करने पर उनसे झगड़ा करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने आसपास के लोगों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था। इधर, आरोपी के थाने पहुंचते ही उसके समर्थन में कई लोग सुनगढ़ी थाने जा पहुंचे। मामला गरमाने पर एएसपी ने सीओ सिटी को पड़ताल के लिए भेजा। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि दुकान पर कुछ लोग आपस में बातें कर रहे थे। इसी बीच यह फोटो स्टेट कराने पहुंच गया। युवक ने भी सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को लेकर तर्क वितर्क करना शुरू कर दिया। इसी में मामला गरमा गया और लोगों ने देश विरोधी टिप्पणी करना समझ विरोध कर दिया। मामला देश विरोधी टिप्पणी करने का नहीं निकला है। युवक का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है।