बरखेड़ा (पीलीभीत)। जिले में गोकशी का अवैध धंधा रुक नहीं रहा है। बीसलपुर इलाके के डंडिया भगत गांव के एक खेत में गोवंशीय पशु काटे गए। रविवार सुबह गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने के बाद इकट्ठे हुए ग्रामीणों और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी और इंस्पेक्टर ने किसी तरह मामला शांत किया। रविवार सुबह बरखेड़ा थाना क्षेत्र के डंडिया भगत गांव से एक किलोमीटर दूर अमेड़ी नदी की ओर जाने वाले रास्ते पर दाताराम पुत्र गुलजारी लाल के खेत में दो गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिले। खेत की ओर से गुजर रहे ग्रामीणों ने अवशेष देखे। इसका पता लगने पर कुछ ही देर में काफी संख्या में लोग जमा हो गए और हंगामा करने लगे। खबर मिलने पर हिंदू युवा वाहिनी के बरखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष शशिकांत कुशवाहा, मोहित, सौरभ श्रीवास्तव, आकाश श्रीवास्तव, सुनील शर्मा आदि पहुंच गए। माहौल गर्माता देख गांव के चौकीदार रामप्रकाश ने बरखेड़ा थाना प्रभारी को सूचना दी। इस पर सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल, इंस्पेक्टर राजकुमार भारद्वाज पुलिस बल के साथ पहुंच गए। सीओ ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत किया। इस बीच स्वाट टीम प्रभारी नरेंद्र यादव, सर्विलांस प्रभारी रेहान खां को भी बुला लिया गया। जांच में गोवंशीय पशुओं की शनिवार रात हत्या किए जाने की बात सामने आई। गांव के बाहर की तरफ का इलाका होने के कारण आरोपियों के बारे में कोई कुछ नहीं बता सका। अब पुलिस सर्विलांस की मदद से छानबीन करने में जुटी है। हिंयुवा के ब्लॉक अध्यक्ष शशिकांत कुशवाहा की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।