पीलीभीत। फोन पर भाई से बात कर रही विवाहिता की शक्की पति ने पिटाई कर दी। उसे काफी चोटें आईं हैं। काफी समझाने के बाद भी पति के न मानने पर विवाहिता ने अपने भाई के साथ एसपी के समक्ष पेश होकर दुखड़ा सुनाया, लेकिन पति पर कानूनी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया। एसपी ने इंस्पेक्टर सुनगढ़ी रूम सिंह बघेल को दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर विवाद निपटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा विवाहिता का मेडिकल परीक्षण कराने को भी कहा है। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के सिमरिया गांव रहने वाली महिला शनिवार दोपहर एसपी के सामने पेश हुई। उसका भाई भी साथ था। महिला ने बताया कि उसकी शादी 2011 में सुनगढ़ी क्षेत्र के एक व्यक्ति से हुई है। एक बेटा भी है। वह गृहस्थी चलाने के लिए घर पर ही सिलाई का काम करती है। आरोप है कि पति उस पर लंबे समय से बेवजह शक करता है। इसको लेकर आए दिन मारपीट की जाती है। 31 जनवरी को वह फोन पर अपने भाई से बात कर रही थी। यह देख पति शक करने लगा और अनर्गल आरोप लगाते हुए मारपीट की। बच्चे के क्रिकेट बैट से उसकी पिटाई कर दी। उसके पैर और हाथ में काफी चोटें आई हैं। इसकी जानकारी मिलने पर मायके वाले शनिवार को ससुराल पहुंचे और समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन शक्की पति नहीं माना। उनके सामने ही गालीगलौज कर झगड़े पर उतारू हो गया। इसके बाद मायके वाले विवाहिता को साथ ले आए। एसपी मनोज कुमार सोनकर ने बताया कि घायल हालत में एक विवाहिता ने शिकायत की है, लेकिन वह पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी नहीं चाहती है, इसलिए इंस्पेक्टर सुनगढ़ी को पति को बुलाकर विवाद दूर कराने के निर्देश दिए गए हैं। विवाहिता का मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा।