एक जालसाज ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर किसान के एटीएम का गोपनीय कोड पूछ लिया। इसके बाद किसान के खाते से 19 हजार रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर मैसेज मिलने पर पीड़ित को घटना का पता चला। मोबाइल नंबर के आधार पर तहरीर देकर पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के पौटाकलां गांव के निवासी किसान महेंद्र पाल पुत्र रघुनंदन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका व उसकी पत्नी चमेली देवी का ज्वाइंट खाता केनरा बैंक की पीलीभीत शाखा में है। सोमवार को पीड़ित के मोबाइल पर एक अंजान युवक ने कॉल कर खुद को बैंक अधिकारी बताया। खाता बंद होने की बात कहकर एटीएम कोड की जानकारी जुटाई। इसके कुछ देर बाद ही खाते से 19 हजार रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर खाते से रुपये निकलने का मैसेज मिलने पर पीड़ित को घटना का पता लगा। बैंक जाकर जानकारी करनी चाही, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इंस्पेक्टर राजेश मौर्य ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।