गजरौला। खेत के ऊपर से गुजर रहे तारों के आपस में टकराने के बाद निकली चिंगारी से हटुआ बिजलई गांव निवासी किसान चंद्रिका प्रसाद का आठ वर्षीय पुत्र उमेश झुलस गया। ग्रामीणों से जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। जिसके बाद उमेश को जिला अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद उसको बरेली रेफर कर दिया गया है। हादसे में उमेश की हाथों की उंगलियां झुलस गई है। दादा ठाकुर दास ने बताया कि वह परिवार के अन्य सदस्यों संग रविवार सुबह मकान से कुछ ही दूरी पर स्थित मसूर के खेत पर काम कर रहे थे। इस बीच वहां पर उमेश भी टहलता हुआ आ गया था। उमेश कुछ ही दूरी पर दूसरे खेत की तरफ था। इस बीच कुछ ग्रामीणों से मासूम के झुलसने की जानकारी मिली। पहले मासूम के बिजली का तार पकड़ने से झुलसने की बात कही जा रही थी, लेकिन मौके पर कोई तार पड़ा नहीं मिला। यह पता लगा है कि जिस खेत के पास मासूम खड़ा था, उसके ऊपर से गुजर रहे तारों के आपस में टकराने के बाद चिंगारी उसके ऊपर गिर गई थी। ब्यूरो