बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव उगनपुर मरौरी निवासी रूपचंद्र ने केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र भेजकर आईआईटी चेन्नई के छात्रावास में संदिग्ध हालात में हुई अपने पुत्र की मौत की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि रूपचंद्र का पुत्र गोपाल बाबू आईआईटी चेन्नई में एमटेक प्रथम वर्ष का छात्र था और कैंपस में ही स्थित छात्रावास में रहता था। 28 जनवरी की रात गोपाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने बिना जांच पड़ताल किए ही मामला आत्महत्या का करार दिया और शव पोस्टमार्टम के बाद घरवालों को सौंप दिया। घर वालों ने चेन्नई पुलिस से हत्या की आशंका जताते हुए जांच की बात भी कही लेकिन उनकी नहीं सुनी गई। पत्र में मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की गई है।