बिलसंडा (पीलीभीत)। बिलसंडा क्षेत्र के ग्राम कलिया में मंगलवार सुबह सड़क किनारे एक 26 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला था। शव पर गले व कलाई में चोट के निशान होने से हत्या कर फेके जाने का प्रतीत हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दूसरे दिन शव की शिनाख्त करने में पुलिस का कामयाबी मिली। शव कस्बा बिलसंडा के बटन व्यापारी गौरांग उर्फ अजय जायसवाल पुत्र पप्पू का निकला। बुधवार सुबह पिता पप्पू और माता बबली ने शव की शिनाख्त की। इसके बाद एसओ से मुलाकात कर घटना से जुड़ी बातचीत की। परिवार वालों ने बताया कि मृतक पांच बहनों में अकेला बेटा था। सोमवार रात 10 बजे वह बिना बताए घर से निकला। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग सका। परिवारीजनों ने क्षेत्र की एक महिला से प्रेम प्रसंग होने की बात कहते हुए इसी में हत्या की आशंका जाहिर की है। एसओ चंद्र प्रकाश शुक्ला ने बताया कि शव की शिनाख्त हो गइ्र्र है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त न होने के कारण मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिवार वालों से जानकारी कर छानबीन की जाएगी। अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।