पूरनपुर। एक युवती अपनेे प्रेमी के घर जा धमकी। मामला दूसरे समुदाय का होने को लेकर युवती के घरवालों ने जमकर हंगामा किया। वे युवती को उसके प्रेमी के घर से खींचकर ले गए और फिर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवती को उसके भाई और प्रेमी समेत कोतवाली ले आई। कोतवाली में घंटों चली पंचायत के बाद पुलिस ने युवती के प्रेमी और भाई का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया। घटना रविवार को क्षेत्र के गांव सबलपुर की है। युवती की शादी हो चुकी है, लेकिन वह कई माह से अपने मायके मेें ही रह रही है। युवती का गांव के ही दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम प्रसंग है। युवती केेे परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो उस पर बंदिशें लगानी शुरू कर दी गईं। रविवार को मौका पाकर युवती अपने प्रेमी के घर जा धमकी और उससे शादी करने की जिद करने लगी। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव हो गया। युवती के घरवाले उसे उसके प्रेमी के घर से खींच लाए और मामले की सूचना पुलिस को दी। एसएसआई जितेंद्र कुमार ने बताया कि घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं दी गई। शांतिभंग की आशंका में दो युवकों का एसडीएम कोर्ट के लिए चालान किया गया है।