सरकारी आवास में फंदे पर लटका मिला था शव
पीलीभीत। जिला कारागार के बंदी रक्षक लव कुमार ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत की वजह स्पष्ट हो गई। हालांकि उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका जवाब दूसरे दिन भी नहंीं मिल सका है। परिवार वालों के किसी तरफ से कोई कार्रवाई न करने पर पुलिस भी औपचारिता में सिमट कर रह गई है।
संभल जिले के फैजगंज बेहटा के रहने वाले बंदी रक्षक लव कुमार (25) पुत्र दिनेशचंद्र का शव बुधवार देर रात सरकारी आवास में रस्सी से बने फंदे पर लटका मिला था। ड्यूटी पर न पहुंचने पर जब साथी कर्मचारी उसको बुलाने पहुंचे तो मामले की जानकारी हुई। दूसरे दिन शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत को लेकर स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो गई। पीएम रिपोर्ट में हैंगिंग आने पर मामला आत्महत्या करने का ही निकला है। परिवार वालों ने भी किसी तरह की कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर नहीं दी है। उधर 24 घंटे बाद भी आत्महत्या के पीछे कारणों को लेकर कोई जानकारी सामने नहंीं आ सकी है। सीओ सिटी ने बताया कि अब तक हुई जांच में कोई ऐसा तथ्य नहीं मिला है, जिसको आत्महत्या का कारण माना जा सके।