पीलीभीत। अलविदा की नमाज को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा बिंदुओं पर पुलिस अधिकारियों ने होमवर्क पूरा कर लिया है। मस्जिदों की सूची तैयार कर सभी जगहों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके अलावा मिश्रित आबादी वाले इलाकों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। अफसरों ने पुलिस को संभ्रात नागरिकों के संपर्क में रहकर हर एक गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
सीओ सिटी निशांक शर्मा ने बताया कि अलविदा की नमाज को लेकर सुरक्षा चार्ट तैयार किया जा चुका है। सुबह से ही मस्जिदों के बाहर और मुख्य चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी जाएगी। कर्मचारियों को ड्यूटी चार्ट देकर उनकी तैनाती के स्थान को बता दिया है। थाना पुलिस के अलावा पुलिस लाइन और कार्यालय स्टाफ की भी ड्यूटी लगाई गई है। मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस का विशेष फोकस रहेगा। वहां पर अतिरिक्त पुलिस बल को लगाया गया है। शरारत करने वालों की निगेहबानी के लिए सिविल में भी पुलिस बल लगेगा। इसके अलावा खुफिया तंत्र को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। पीस कमेटी बैठक के दौरान संभ्रात नागरिकों को जिम्मेदारी दी गई थी। उनसे भी पुलिस संपर्क में रहेगी और एकाएक हलचल पर एक्टिव होगी। अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।