माधोटांडा। दो दिन पूर्व बराही और महोफ की सीमा के बीच बाइफरकेशन स्थित सिंचाई विभाग की कॉलोनी के पास एक पालतू गाय पर बाघ ने हमलाकर घायल कर दिया था, जिसकी शुक्रवार को मौत हो गई। इस मामले में विभाग की ओर से कोई संज्ञान नहीं लिया गया, जिससे कॉलोनी वासियों में रोष है। माधोटांडा क्षेत्र के अंतर्गत बाइफरकेशन कॉलोनी में 30 परिवार रहते है। यहां के कुछ परिवार मवेशी पालते है। बुधवार को कॉलोनी निवासी नरायण की पालतू गाय जंगल सीमा में घास चर रही थी। तभी जंगल से निकले बाघ ने गाय पर हमला कर दिया था। उस वक्त उधर से गुजर रहे राहगीरों के शोर-शराबा करने पर बाघ गाय को छोड़कर जंगल की ओर निकल गया। हमले में गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना के बाद परिजन घायल गाय को उठाकर ले आए। इधर, वन विभाग की ओर इस मामले में कोई सुध नहीं ली गई।