पीलीभीत। दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को बंधक बनाकर पीटा। आठ दिन तक मोबाइल बंद आने पर जब मायके वाले ससुराल पहुंचे तो विवाहिता बेसुध हालत में मिली। पूछने पर ससुरालियों ने झगड़ा करना शुरू कर दिया। विवाहिता के भाई से मिली तहरीर पर सुनगढ़ी पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सुभाषनगर (बरेली) थाना क्षेत्र के प्रगतिनगर के निवासी दीपक सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन पूनम की शादी एक साल पहले रेलवे कॉलोनी पीलीभीत के निवासी अंकित सिंह से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही आरोप है कि ससुराल वाले विवाहिता को कम दहेज लाने की बात कहकर प्रताड़ित करने लगे। इसके बाद पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। इसको पूरा करने में असमर्थता जताने पर उससे मारपीट करने लगे। उसको बंधक बनाकर मारा-पीटा। आठ दिन से मोबाइल बंद आने पर मायके वाले नौ अप्रैल को विवाहिता की ससुराल पहुंच गए। इस दौरान पूनम कमरे में बेसुध मिली। इसकी जानकारी करने का प्रयास किया तो ससुरालियों ने गाली गलौज करते हुए झगड़ना शुरू कर दिया। इस पर विवाहिता को परिजन अपने साथ मायके ले आए। वहां उसका इलाज कराया, फिर जाकर अब तहरीर दी है। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी एसपी सिंह ने बताया कि मामले में पति अंकित सिंह, ससुर संजीव, सास कमलेश, देवर काला, ननद मीना के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की गई है।