पूरनपुर। नेपाल से शादी तय होने और निमंत्रण पत्र भी बंट जाने के बाद नगर का एक युवक अपनी प्रेमिका के साथ भाग गया। कन्या पक्ष के नेपाल से आए लोगों ने प्रभारी निरीक्षक से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की। तय हुआ अगर पंचायत में मामला नहीं निपटा तो कार्रवाई होगी। इसे लेकर दोनों पक्षों की घंटों पंचायत हुई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। नेपाल के जिला कैलाली के शहर धनगढ़ी निवासी कुछ लोगों ने शुक्रवार को कोतवाली पहुंचकर तय रिश्ता तोड़कर युवक पर दूसरी युवती के साथ भाग जाने का आरोप लगाया। नेपाल से भाई, बहन और अन्य कुछ रिश्तेदारों ने प्रभारी निरीक्षक सेे मिलकर बताया कि उन्होंने अपने परिवार की युवती की शादी कई माह पहले पूरनपुर देहात के एक युवक से तय की थी। शादी से पहले की सभी रस्में पूरी हो गईं। रिश्ता तय होने पर शगुन में युवक को कार और करीब सात लाख रुपये का सामान दिया। शादी की तारीख तीन अप्रैल को तय हुई। निमंत्रण पत्र भी बंट गए हैं। चार दिन पहले वर पक्ष के लोगों ने उनके घर फोन कर शादी से इनकार कर दिया। इस पर शुक्रवार को पूरनपुर पहुंचने पर शादी से पहले ही युवक के एक युवती को लेकर भाग जाने की जानकारी मिली। इंस्पेक्टर केशव कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों में घंटों पंचायत हुई, लेकिन खर्च की गई रकम वापस करने पर सहमति न बनने से मामला नहीं निपटा। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।