खेकड़ा (बागपत)।
बाइक सवार तीन हथियार बंद बदमाशों ने ग्राम घिटोरा में विद्युत बिल के बकाया के चार लाख रुपये वसूल कर ले जाते समय कुछ दूरी पर ही कैशियर से चार लाख रुपये, तीन मोबाइल लूट लिए। साथ ही बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर कैशियर को सिर में तमंचे की बट मार घायल कर दिया। विद्युत कर्मी ने खेकड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
खेकड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम घिटोरा में लोनी के देहात पाबी फीडर से बिजली की आपूर्ति की जाती है। विद्युत निगम ने मंगलवार को ग्राम घिटोरा में बिजली के बल की बकाया वसूली के लिए शिविर लगाया। मंगलवार शाम करीब चार बजे करीब चार लाख रुपये की बकाया वसूली करने के बाद कैशियर जितेंद्र सिंह, राम, जगबीर समेत चार विद्युत कर्मी दो अलग अलग बाइकों पर जा रहे थे। गांव से निकलते ही घिटोरा पाबी मार्ग पर पहले से ही खडे़ तीन हथिया बंद बदमाशों ने तमंचे तानकर जान से मारने की धमकी देकर विद्युत कर्मियों को रोक लिया और कैशियर जितेंद्र से रुपये से भरा बैग, तीन मोबाइल लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने कैशियर जितेंद्र को तमंचे की बट सिर में मारकर घायल कर दिया।
लूटपाट करने के बाद बदमाश तमंचे लहराते बाइक पर सवार होकर भाग गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीर के फोन से विद्युत कर्मियों ने फोन पुलिस को 100 नंबर और अपने विभागीय अधिकारियों को सूचना दी। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ विद्युत निगम के अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची खेकड़ा पुलिस की सौ नंबर गाड़ी घायल कैशियर जितेंद्र को लेकर खेकड़ा सीएचसी पहुुंची। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी एसपी सिंह, रटौल पुलिस चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लूटपाट के शिकार विद्युत कर्मियों के अलावा राहगीरों से लूटपाट की जानकारी ली।
विद्युत विभाग के कैशियर जितेंद्र से करीब चार लाख रुपये की लूट की घटना को गंभीरता से लेकर पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्युत कर्मी एवं थाना प्रभारी एसपी सिंह एवं चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह से जानकारी ली। स्थानीय चौकी प्रभारी को क्षेत्र में चौबीस घंटे नियमित गश्त के साथ साथ अपराधों पर अंकुश लगाने और जल्द से जल्द घटना का खुलासा न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।