पूरनपुर। स्टांप विक्रेता के बंद घर के ताले तोड़कर चोरों ने 1.53 लाख की नकदी, जेवरात सहित साढ़े छह लाख रुपये की संपत्ति चोरी की थी। आस्ट्रेलिया से लौटने पर स्टांप विक्रेता ने पुलिस को चोरी गए सामान की सूची सौंप दी है। मोहल्ला गनेशगंज पूर्वी निवासी स्टांप विक्रेता मोहम्मद जाहिद खां दो माह पहले परिवार के साथ आस्ट्रेलिया गए थे। पीछे से चोरों ने उनके बंद घर के दो मई की रात ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। चोरी की जानकारी तीन मई को पड़ोस में रह रहे उनके भाई आसिफ खां ने पुलिस को दी। डॉग स्क्वॉयड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। आसिफ खां पुलिस को चोरी गए सामान की जानकारी नहीं दे पाए थे। पुलिस ने आसिफ खां की ओर से रिपोर्ट दर्ज की थी। रविवार को आस्ट्रेलिया से लौटेने पर मोहम्मद जाहिद खां ने चोरी गए सामान की जो सूची पुलिस को सौंपी। इसमें 1.53 लाख की नकदी, छह कीमती घड़ी, दो किलोग्राम चांदी, सोने का नेकलेस मय हार-बुंदे, गुलबंद, सात अंगूठी, दस हजार रुपये कीमत का कैमरा आदि सहित 6.61 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की जानकारी दी है।