पीलीभीत। बैंक परिसर में एक बार फिर उचक्के ने भीड़ के बीच घटना को अंजाम दिया। खाते में रुपये जमा करने गए एक युवक के बैग में रखी 27 हजार की नकदी चोरी कर ली। चेक करने पर परिसर में लगे सीसीटीवी में घटना कैद मिली। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पूना (महाराष्ट्र) के निवासी सचिन कुमार ने बताया कि वह एक वॉशिंग पाउडर कंपनी में काम करते हैं। काफी समय से शहर में ही किराए के मकान में रहते हैं। बुधवार सुबह वह बैंक ऑफ बड़ौदा पुरानागंज ब्रांच में रुपये जमा करने के लिए गए थे। कुछ रुपये उन्होंने खाते में जमा कर दिए। इस बीच उनके बैग में रखे 27 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। बैंक से बाहर निकलते वक्त चेक करने पर उनको इसका पता लगा। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की गई। इसमें रुपये जमा करते वक्त लाइन में पीछे खड़ा युवक बैग की चेन खोलकर रुपये निकालता दिखाई दिया। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की गहनता से जांच करने और फुटेज निकलवाने के लिए पुलिस भेजी गई है। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।