बरखेड़ा (पीलीभीत)। तरबूज बेचकर बरखेड़ा बाजार से शेखापुर गांव जा रहे तीन ग्रामीणों को रास्ते में लोग चार लोगों ने मारपीट की। तमंचे के बल पर उनको धमकाते हुए 12 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित पक्ष ने संयुक्त तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के शेखापुर गांव निवासी रोशनलाल, छोटेलजाल और माखनलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को वह कस्बा बरखेड़ा की बाजार में तरबूज बेचने गए थे। रात करीब आठ बजे तीनों वापस घर जा रहे थे। जगीपुर-जैतपुर गांव के बीच एक देवस्थल के नजदीक पहुंचते ही पहले से मौजूद चार अज्ञात लोगों ने उनको रोक लिया। गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। तमंचा दिखाकर धमकाते हुए आरोपियों ने 12 हजार रुपये लूट लिए। लूटपाट करने के बाद सभी आरोपी धमकाते हुए निकल गए। इसकी सूचना मिलने पर बरखेड़ा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसओ आलोक मिश्र ने बताया कि संबंधित क्षेत्र के दरोगा से मामले की जांच कराई जा रही है। अभी तक की जांच में दोनों पक्षों के बीच मारपीट का मामला निकलकर सामने आ रहा है। अज्ञात में बताए जा रहे आरोपियों के नाम भी गांव के लोगों से संपर्क करने के बाद स्पष्ट हो गए हैं। दोनों पक्षों को बुलाया गया है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।