बीसलपुर। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव किशनपुर के एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की बहन ने पुलिस में तहरीर देकर भाई की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव किशनपुर निवासी गीता देवी ने बताया कि उनके पति हीरालाल की मौत पांच वर्ष पूर्व ही हो चुकी है। उनकी पुत्री नेहा का विवाह हो चुका है। उनका 19 वर्षीय अविवाहित पुत्र सूरज शारीरिक रूप से काफी कमजोर था। गीता देवी पुत्र के साथ दो वर्षों से थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव घुघौंरा में अपने ननदोई नंदलाल के घर रह रही है। गुरुवार की रात करीब 11 बजे सूरज ने पेट में दर्द की शिकायत की। उसे रात में ही बीसलपुर के एक प्राइवेट डॉक्टर के यहां इलाज को ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। गीता शुक्रवार को सूरज के शव का अंतिम संस्कार कराने की तैयारी कर रही थीं तभी शाहजहांपुर के थाना निगोही क्षेत्र के गांव जिंदपुरा में ब्याही उनकी पुत्री नेहा ने दियोरिया कोतवाली पहुंचकर तहरीर दे दी, जिसमें सूरज की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। तहरीर में मां गीता देवी, फूफा नंदलाल और बुआ गंगा देवी पर सूरज के नाम की पांच बीघा जमीन हड़पने के लिए उसकी गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। सूचना मिलते ही सीओ प्रवीण मलिक इंस्पेक्टर हरीशंकर साथ गांव किशनपुर पहुंचे। सीओ के निर्देश पर पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो थाना प्रभारी जुटाएंगे साक्ष्य
बीसलपुर। सूरज की मौत का मामला दो थाना क्षेत्रों से जुड़े होने के कारण सीओ ने दोनों थाना प्रभारियों को जांच करने के निर्देश दिए हैं। सूरज मूलरूप से दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव किशनपुर का निवासी था लेकिन दो वर्ष से मां के साथ थाना बिलसंडा क्षेत्र के गांव घुघौरा निवासी अपने फूफा नंदलाल के घर रह रहा था।
प्रथम दृष्टया जांच में बीमारी से मौत होने की पुष्टि
प्रथम दृष्टया जांच में सूरज की मौत बीमारी से होना ही प्रतीत हो रही है। सूरज की मां ने भी यही लिखकर दिया है, फिर भी मृतक की बहन के आरोप पर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - प्रवीण मलिक, सीओ बीसलपुर।