पीलीभीत। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि ने एक दिन पूर्व नौकरी छिन जाने से परेशान होकर जहर खाकर खुदकुशी करने वाले इंद्रपाल के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने हरसंभव मदद का आश्वासन देने के साथ ही निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके अलावा गांधी सभागार में बैठक कर अफसरों से कई अन्य मामलों में भी जवाब तलब किया गया। तय कार्यक्रम के तहत राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि बृहस्पतिवार शाम को पीलीभीत पहुंच गए। सबसे पहले वह मोहल्ला बेनी चौधरी में खुदकुशी करने वाले ठेका सफाईकर्मी इंद्रपाल के घर गए। यहां करीब दस मिनट रुककर परिवार को मदद का भरोसा दिलाया। इसके बाद गांधी सभागार पहुंच गए। यहां डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसपी मनोज कुमार सोनकर समेत कई अधिकारियों संग बैठक की। इंद्रपाल का परिवार भी यहां रहा। उसकी पत्नी विमलेश ने मामले में दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की और खुद के लिए सरकारी नौकरी मांगी। इसके अलावा उन्होंने अन्य लोगों की भी शिकायतें सुनी। विकास भवन के एक चर्चित लिपिक की भी कई शिकायतें उनके समक्ष पहुंची। जिसको लेकर अफसरों से सवाल-जवाब किया गया। उन्होंने इंद्रपाल और मार्च माह में एक अन्य सफाईकर्मी द्वारा जहर खाने के मामले की आख्या तलब की। अफसरों से आउट सोर्सिंग में लगे सफाई कर्मचारियों की वार्डवार तैनाती सूची और उनको नकद भुगतान किए जाने का कारण भी पूछा। इसके बाद सफाई कर्मचारी बस्ती मोहल्ला बाग गुलशेर खां का निरीक्षण भी किया।