बिलसंडा। थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तस्करी के लिए ले जाए जा रहे सात कछुओं के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर अतर सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर सूचना मिली कि एक तस्कर कछुए लेकर बाहर जा रहा है। इस पर फोर्स के साथ दबिश देकर उसे नगर के देवीस्थान मंदिर के पास पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसकी साइकिल पर बंधे बोरे से सात कछुआ बरामद किए। इनमें एक कछुआ करीब 25 किलो वजन का है, जबकि बाकी छोटे हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम दिनेश पुत्र महिलाल निवासी गांव मझगंवा बताया। आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गुरुवार को उसे जेल भेजा जाएगा।