पीलीभीत। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तखान में पूर्व बार अध्यक्ष अवधेश चंद्र मिश्रा के भाई के बंद मकान को निशाने पर लेकर चोर पांच तोला सोने के जेवरात समेत लाखों का सामान समेट ले गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फील्ड यूनिट की मदद से सुराग जुटाने का प्रयास किया, हालांकि कोई खासा मदद नहीं मिल सकी। रमेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि रविवार सुबह करीब सात बजे वह अपने परिवार के साथ मकान को ताला लगाकर उत्तराखंड के कैंची धाम गए थे। इस बीच चोर ताला तोड़कर भीतर घुस गए। कमरों में पहुंचकर सामान खंगालना शुरू कर दिया। यहां से चोर ढाई लाख रुपये, पांच तोला सोने के जेवरात समेत लाखों का सामान समेट ले गए। आधी रात के बाद घर पहुंचने पर उनको घटना की जानकारी हुई। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली पुलिस के अलावा सर्विलांस और स्वाट टीम को भी लगाया गया है। सुराग जुटाने का प्रयास पुलिस कर रही है, जल्द वर्कआउट किया जाएगा।