पूरनपुर। गांव जेठापुर निवासी 52 वर्षीय रोशन लाल की मौत का पोस्टमार्टम के बाद भी कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। छह दिन से लापता रोशन लाल का शव हरदोई ब्रांच नहर में मिला था। मौत का कारण जानने के लिए विसरा सुरक्षित किया गया है। हरदोई ब्रांच नहर में गांव मटेहना के समीप शुक्रवार को पुलिस ने एक व्यक्ति का शव बरामद कर पोस्टमार्टम को भेजा था। उस वक्त शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी, लेकिन अज्ञात लाश मिलने की खबर लगी तो पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे गांव जेठापुर निवासी जयवीर कुशवाहा ने शव की शिनाख्त अपने पिता 52 वर्षीय रोशन लाल के रूप में की। जयवीर ने बताया कि उनके पिता 26 मई को सुबह करीब 10 बजे घर से पूरनपुर बैंक शाखा में जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद घर नहीं लौटे। घरवालों ने रोशन लाल को काफी तलाशा लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी ने बताया कि रोशन लाल की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हो सका है। लिहाजा विसरा सुरक्षित किया गया है। विसरा को जांच के लिए शीघ्र प्रयोगशाला भेजा जाएगा। इधर, रोशन लाल का शव शुक्रवार देरशाम घर पहुंचने पर परिवार वालों में कोहराम मच गया। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। रोशन लाल के परिवार में पत्नी माला देवी, पुत्र जयवीर और रामवीर हैं।