बीसलपुर। खुद को मुख्यमंत्री कार्यालय का कर्मचारी बताकर एक जालसाज ने नगर पालिका परिषद के जेई से साढ़े चार हजार रुपये ठग लिए। जेई ने उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना दे दी है। जेई मोहम्मद सलमान ने बताया कि तीन मई को एक जालसाज ने स्वयं को मुख्यमंत्री कार्यालय का कर्मचारी बताकर स्थानीय निकाय के जिला प्रभारी राजपाल से फोन पर ईओ रविशंकर शुक्ला से बात कराने को कहा था। राजपाल के कहने पर पहले ईओ ने बताए गए नबंर पर बात की फिर जेई मोहम्मद सलमान से बात करने को कहा। जेई मोहम्मद सलमान ने बात की तो उनसे राहत कोष में जमा करने के लिए तत्काल साढ़े चार हजार रुपये बताए गए बैंक खाते में जमा करने को कहा गया। इस पर जेई ने रुपये जमा करा दिए। बैंक खाता देना बैंक सुल्तानपुर का था। जेई को शक हुआ तो उन्होंने फिर उस नंबर पर बात करने की कोशिश की, लेकिन फिर कॉल रिसीव नहीं हुई। जेई ने बताया कि इसी तरह लखीमपुर में भी ठगी हुई है।