बीसलपुर। मेन मार्केट में स्थित रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान से चोर गुरुवार रात रोशनदान का जाल काटकर करीब 70 हजार के कपड़े चोरी कर ले गए। सीओ के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली निवासी शैलेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी मेन मार्केट में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। गुरुवार रात किसी समय चोरों ने दुकान के रोशनदान का जाल काटकर 2100 की नगदी और करीब 70 हजार के कपड़े चोरी कर लिए। चोर अपने पुराने कपड़े उतारकर दुकान में डाल गए और नए कपड़े पहन गए। शुक्रवार सुबह दुकान खोलने पर चोरी की जानकारी हुई। शैलेंद्र ने सीओ प्रवीण मलिक को मामले की तहरीर दी। सीओ के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल जेपी सिंह ने कस्बा इंचार्ज सत्येंद्र कुमार के साथ मौका मुआयना किया।