अमरिया/मझोला। बाजार से खरीदारी कर लौट रहे बाइक सवार मामा भांजे को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे भांजे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार मामा को मामूली चोट आई है। पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना शनिवार रात करीब आठ बजे की है। अमरिया थाना क्षेत्र के गांव भरा पचपेड़ा निवासी 22 वर्षीय अमरजीत सिंह अपने मामा दुलाल के साथ बाइक से मझोला स्थित भिंडारा बाजार गए थे। रात में दोनों एक ही बाइक से लौट रहे थे। इस बीच मझोला-सितारगंज मार्ग की बिरहनी चौकी क्षेत्र में बेला पोखरा पुलिस के समीप उनकी बाइक को सितरागंज की तरफ से आ रहे एक वाहन ने टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक चला रहे अमरजीत को गंभीर हालत में एंबुलेंस से न्यूरिया सीएचसी ले जा गया। जहां चिकित्सकों ने अमरजीत को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार मृतक के मामा दुलाल को हल्की चोट आई है। चौकी इंचार्ज राजेंद्र सिंह ने बताया कि पंचनामा भर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर, तीन साल पूर्व अमरजीत के बड़े भाई की भी सड़क हादसे में मौत हुई थी। वहीं अब अमरजीत की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिवारीजन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगाया था।