पीलीभीत। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने शिकंजा कसा। एसपी के निर्देश पर चलाए गए अभियान में पुलिस सख्ती के साथ सड़कों पर उतरी। जिसके बाद दुपहिया और चार पहिया वाहनों की चेकिंग कर चालान किया और जुर्माना भी वसूला।
एसपी कलानिधि नैथानी के निर्देश मिलते ही थाना चौकियों के अलावा मुख्य चौराहों पर पुलिसकर्मी चेकिंग में जुट गए। बाइकों पर बिना हेलमेट तीन सवारी, बिना नंबर प्लेट घूमने वालों पर निगाह साधी। वहीं बिना सीट बेल्ट का प्रयोग कर चार पहिया वाहन चलाने वाले भी पुलिस की कार्रवाई का हिस्सा बने। नकटादाना चौराहा, गौहनिया चौराहा, सुनगढ़ी, आसाम चौराहा, पूरनपुर गेट चौकी के अलावा देहात क्षेत्र में भी हाईवे पर चेकिंग कराई गई। इसका परिणाम भी बेहतर देखने को मिला। एसपी ने बताया कि अभियान के दौरान 82 वाहनों के चालान और पांच को सीज किया गया है। इसके अलावा 286 वाहनों से 71650 रुपये जुर्माना वसूला है। उधर सड़कों पर हुड़दंग, मारपीट करने वाले 21 आरोपियों को विभिन्न थाना क्षेत्रों से शांतिभंग में चालान किया गया।
000
एसपी ने परखी मुस्तैदी
चेकिंग अभियान के दौरान सड़कों पर पुलिस की मुस्तैदी का आंकलन करने के लिए एसपी कलानिधि नैथानी खुद निकले। नकटादाना चौराहा, खकरा समेत कई प्वाइंटों पर जाकर कार्रवाई की हकीकत परखी। जिसमें व्यवस्था संतोषजनक मिली। इस दौरान उन्होंने नशे में तेज गति से वाहन चलाने वालों पर सख्ती करने के निर्देश दिए। कोतवाल एसके सिंह और सुनगढ़ी एसएचओ मोहम्मद कासिम अपने क्षेत्र में कार्रवाई में लगे रहे।
000
अधिवक्ताओं से पुलिस की नोकझोंक
एक बाइक का चालान करने के बाद नकटादाना पर पुलिस टीम की अधिवक्ताओं से काफी कहासुनी हो गई। कार्रवाई को गलत बताते हुए अधिवक्ताओं ने बाइक छोड़ने का दबाव बनाया, लेकिन पुलिसकर्मी सख्त रहे। तीन सवारी होने का हवाला देते हुए कार्रवाई की। बाद मेें किसी तरह मामला शांत कराया जा सका। इसके अलावा कुछ स्थानों पर वाहन चालक सत्ताधारियों से करीबी गिना पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश में जुटे रहे।