बरखेड़ा (पीलीभीत)। पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर युवक को चाकू से वार कर हमला करने का आरोपी 35 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा। बरखेड़ा पुलिस ने सूचना पर आरोपी को पतरसिया पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया। थाने लाकर आरोपी से काफी देर तक पूछताछ की गई। जिसके बाद उसका चालान कर दिया गया है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के परेई गांव निवासी धर्मवीर पर साल 1984 में रंजिशन घर में घुसकर हमला किया गया था। गांव के ही राजपाल ने चाकू से वार कर धर्मवीर को घायल कर दिया था। मामले में धर्मवीर की ओर से राजपाल के खिलाफ घर में घुसकर हमला करने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। घटना के बाद से आरोपी को पकड़ने के काफी प्रयास किए, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस ने गैर जमानती वारंट जारी कराए, कुर्की कार्रवाई की, लेकिन कोई असर नहीं दिखा। करीब एक माह पूर्व आरोपी पर पांच हजार का इनाम घोषित किया गया। आला अधिकारियों ने जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जिस पर नए सिरे से राजपाल की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए गए थे और इसमें सफलता भी मिल गई। इंस्पेक्टर बरखेड़ा एसके उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार सुबह आरोपी राजपाल को पतरसिया पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बीते काफी समय से वह शाहजहांपुर के बंडा क्षेत्र में रह रहा था। इसकी जानकारी उसने अपने रिश्तेदारों को भी नहीं दी थी, ताकि पुलिस उसका पता न लगा सके। इस मुकदमे में वह अकेला आरोपी था। उसके खिलाफ चार्जशीट पूर्व में ही दाखिल की जा चुकी है।