बीसलपुर/चुर्रासकतपुर। पशु तस्कर रविवार की रात एक किसान पर तमंचा तानकर पशुशाला में बंधी दो गाय खोल ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना तो कर लिया, रिपोर्ट दर्ज नहीं की। कस्बा चुर्रासकतपुर निवासी जमुना प्रसाद ने बताया कि उनका घर कस्बे के बाहरी हिस्से में है। रविवार की रात वह अपने घर में सो रहे थे। उसी समय लगभग दो बजे खटपट की आवाज पर उन्होंने दरवाजा खोला और पशुशाला में पहुंचे। वहां चार लोग दोनों गायों को मैटाडोर पर लाद रहे थे। विरोध करने पर एक पशु तस्कर ने उन पर तमंचा तान दिया, जिस पर वह विरोध में नहीं कर सके। उसके बाद पशु तस्कर मैटाडोर लेकर बरेली की ओर चले गए। जमुना प्रसाद ने उसी समय कस्बे में स्थित पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की सूचना दी। पुलिस ने उसी समय पशु तस्करों की काफी दूर तक तलाश की, लेकिन हत्थे नहीं चढ़े। गायों की कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। इंस्पेक्टर जेपी सिंह ने बताया कि अभी इस मामले की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।