पीलीभीत। ग्राम पंचायत संडा के कुछ लोगों ने प्रधान और एक अधिकारी पर 50 लाख रुपये गबन करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत डीएम से की गई थी। डीएम ने मामले की जांच कराने का आदेश सीडीओ राजीव बनकटा को दिया था।
यह मामला मरौरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत संडा का है। ग्रामीण ब्रज मोहन, कंचनलाल, ब्रजपाल, गंगाचरन आदि ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में प्रधान गेंदनलाल और सचिव पर विकास कार्यों के लिए भेजी गई रकम और मनरेगा से कराए कार्यों में 50 लाख रुपये से अधिक का घोटाला करने का आरोप लगाया था। डीएम के निर्देश के करीब दस दिन बाद भी मामले की जांच शुरू नहीं हो सकी। सीडीओ राजीव बनकटा का कहना है कि इस मामले की गोपनीय जांच डीडीओ स्तर से कराई जानी है। चुनाव की व्यस्तता के कारण जांच शुरू नहीं हो सकी है।
गांव के कुछ विरोधी लोगों ने डीएम से शिकायत की है। मामला संज्ञान में है। ग्रामीणों द्वारा मेरे ऊपर लगाए गए आरोप निराधार है। जांच पूरी होने पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। गेंदनलाल, प्रधान, ग्रापं संडा