खेकड़ा (बागपत)।
पुलिस ने भतीजी की हत्या करने के आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर रविवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे जेल भेजा। आरोपी ने बताया कि भतीजी का चाल चलन ठीक नहीं होने एवं समझाने पर आवेश में उसने छुरी से गर्दन काटकर हत्या की।
शनिवार की सुबह नगर निवासी हारून ने अपनी भतीजी सोनी की छुरी से गर्दन काटकर हत्या की। पुलिस ने आरोपी चाचा हारून को गिरफ्तार कर पूछताछ की। थाना प्रभारी एसपी सिंह ने मृतका के आरोपी चाचा से की पूछताछ का हवाला देते हुए बताया कि उसकी भतीजी का चाल चलन ठीक नहीं था। वह पहले भी उसको कई बार समझा चुका था, लेकिन भतीजी ने उसकी बात नहीं मानी और शनिवार की सुबह जब वह उसे फिर समझाने लगा तो भतीजी गाली गलौच करने लगी। इसके चलते आवेश में आकर उसने घर में रखी छुरी से गर्दन काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छुरी भी बरामद की। पुलिस ने उसका चालान कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेजा। मामले की जांच कर रहे एसएसआई ओमवीर गुप्ता ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ मृतका के साथ रेप हुआ है अथवा नहीं। मृतका के शरीर पर तो छुरी के निशान थे, लेकिन डाक्टरी रिपोर्ट में गुप्तांग पर कोई चोट का निशान नहीं दर्शाया है। इसके लिए दोनों के सीमन लेकर जांच हेतु लैब भेजे हैं। लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई होगी।