दर्ज किए गए मुकदमे में बढ़ाई दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धारा, आरोपी की तलाश जारी
रहस्यमय ढंग से हुए थे लापता, मोहल्ले के युवक पर मां ने दर्ज कराई थी अपहरण की रिपोर्ट
बीसलपुर। दो दिन पहले रहस्यमय ढंग से लापता हुए एक ही परिवार के तीन नाबालिग भाई-बहनों को बृहस्पतिवार देर रात पुलिस ने बरेली जिले के बहेड़ी कस्बे से पकड़ लिया। जबकि परिवार की ओर से नामजद किया गया आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। पूछताछ के दौरान एक किशोरी ने दुष्कर्म किए जाने की बात बताई। जिसके आधार पर पुलिस ने दर्ज किए गए मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ा दी है।
कोतवाली क्षेत्र के निवासी एक परिवार के तीन नाबालिग बुधवार को परिवार वालों की गैर मौजूदगी में लापता हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी उनके न मिलने पर बच्चों की मां ने किराना व्यापारी मोहित कुमार के खिलाफ मारपीट की पुरानी रंजिश के चलते अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। एक परिवार के तीन बच्चों के एक साथ लापता होने की वारदात का पता लगने पर एसपी कलानिधि नैथानी ने कोतवाली पुलिस को जल्द पता लगाने के निर्देश दिए थे। इसमें सर्विलांस और स्वाट टीम को भी लगाया गया। बृहस्पतिवार देर रात मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने टीम बनाकर बरेली जिले के कस्बा बहेड़ी में नैनीताल रोड स्थित एक मकान पर छापामारी की। यहां से पुलिस को अगवा किए गए तीनों बच्चे (एक किशोर व दो किशोरी) मिल गए, जबकि आरोपी पकड़ में नहीं आ सका। तीनों मासूमों को पुलिस कोतवाली ले र्गई। यहां पूछताछ करने पर एक किशोरी ने अपने साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप नामजद किए गए आरोपी पर लगाया। यह भी बताया कि उनको अगवा करने में एक अन्य युवक भी आरोपी के साथ था। दोनों बाइक से उनको बहेड़ी ले आए थे। इसके बाद पुलिस ने किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया। बनाई गई स्लाइड को जांच के लिए शनिवार को जिला अस्पताल भेजा जाएगा। मेडिकल और बयान के बाद तीनों मासूमों को परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया है।
किशोरी के बयान के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ाई गई है। एक अन्य आरोपी को अज्ञात के तौर पर शामिल किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
प्रवीण मलिक, सीओ