पीलीभीत। समोसे के हिसाब में 25 रुपये की बात पर दुकानदार और ग्राहक के बीच गाली-गलौच के बाद मारपीट हो गई। जिससे मेला परिसर में भगदड़ मच गई। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची मेला चौकी पुलिस ने दोनों ओर से 12 लोगों को गिरफ्तार किया। जिनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
रामलीला मैदान में पिछले कई दिनों से श्रीगणेश चौथ मेला चल रहा है। इसमें रोजाना भारी भीड़ रहती है। यहां लगी एक चाट की दुकान पर शहर के आधा दर्जन युवक नशे की हालत में पहुंच गए और समोसे खाए। बिल देते वक्त दुकान ने 50 रुपये बताए तो वहीं युवक 25 रुपये बिल होने की बात कहने लगे। इतनी सी बात पर दोनों के बीच गाली-गलौच होने लगी। धक्का-मुक्की से शुरू हुए विवाद में कुछ ही देर में हाथापाई होने लगी। दोनों पक्षों से लोग जमा हुए और मारपीट शुरू कर दी। इससे मेला परिसर में हड़कंप मच गया। शोरशराबा सुनकर परिसर में मौजूद पुलिस मौके पर पहुंची। झगड़ा कर रहे युवकों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन नहीं माने। जिसके बाद सख्ती से पुलिस ने दोनों पक्ष से 12 लोगों को धर दबोचा। जिनको पकड़कर थाना सुनगढ़ी लाया गया। यहां रातभर हवालात में रहने के बाद दोनों पक्ष सुलह को राजी हो गए, लेकिन पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की। एसएचओ मोहम्मद कासिम ने बताया कि मेले में समोसे के रुपये को लेकर दोनों में मारपीट हो गई थी। दोनों ओर से 12 लोगों का चालान शांतिभंग में किया गया है।