फालोअप..........
एएसपी ने शहर कोतवाल की लगाई फटकार
जानलेवा हमले की धारा शामिल न करने पर बिफरे
अवैध खनन पकड़ने पर पुलिस टीम पर हमला करने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
पीलीभीत। अवैध खनन पकड़ने पर बुधवार दोपहर तीन बजे मोहल्ला बेनी चौधरी में पुलिस टीम पर हमला करने वाले दबंगों के खिलाफ दर्ज की गई रिपोर्ट में कोतवाली पुलिस ने जानलेवा हमला करने की धाराएं शामिल नहीं की। दूसरे दिन बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी मिलने पर एएसपी रोहित मिश्रा गुस्सा गए। इसके बाद कोतवाल को जमकर फटकार लगाई। यह भी स्पष्ट कहा कि अगर आरोपियों को मदद देने की बात निकलकर सामने आई तो, कार्रवाई तय है। इसके अलावा सख्त कार्रवाई के निर्देश सीओ सिटी को दिए हैं। उधर, फरार आरोपियों को पकड़ने में भी कोतवाली पुलिस कामयाब नहीं हो सकी है।
देवहा चौकी इंचार्ज प्रेम कुमार शर्मा बुधवार दोपहर को एक एनसीआर की जांच के लिए मोहल्ला बेनी चौधरी गए थे। इस दौरान अवैध खनन का डनलप पकड़ने पर उन पर दबंगों ने फावड़े से हमला बोल दिया था। सिपाही व होमगार्ड से भी अभद्रता की। मामले में पुलिस ने मौके से एक आरोपी मोहल्ला मोहम्मद फारूख निवासी हनीफ को गिरफ्तार कर लिया था। जबकि उसके तीन साथी जाकिर, जीशान व आसिफ भाग निकले थे। मामले में कोतवाली पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 352,332,504, 506 में रिपोर्ट दर्ज की। इसमें जानलेवा हमला करने की धाराएं शामिल नहीं की गई। बृहस्पतिवार को दर्ज की गई रिपोर्ट की जानकारी करने पर एएसपी रोहित मिश्रा का पारा चढ़ गया। उन्होंने कोतवाल जसपाल सिंह ग्वाल की फोन पर जमकर फटकार लगाई। उन्होंने फरार आरोपियों की धरपकड़ व जानलेवा हमला करने की धाराएं बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कोतवाली पुलिस की ओर से बरती गई लापरवाही पर सीओ सिटी से भी जमकर नाराजगी जताई। एएसपी रोहित मिश्रा ने बताया कि आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ सिटी को निर्देशित किया गया है। मुकदमे में जानलेवा हमला करने की धाराएं बढ़ाई जाएंगी।