पीलीभीत। न्यायालय से खारिज हो चुके वाद की रिवीजन दायर करने और खारिज की नकल निकलवाने के नाम पर एक अधिवक्ता पर 11 हजार रुपये ऐंठने का आरोप लगा है। महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से कर कार्रवाई की मांग की है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी अरूणा शर्मा पत्नी स्वर्गीय अनिल कुमार ने एसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया कि उसने एक अधिवक्ता को न्यायालय में रिवीजन दायर करने और खारिज की नकल निकलवाने के लिए 11 हजार रुपये दिए थे। लंबा समय बीतने के बाद भी अधिवक्ता ने कोई काम नहीं कराया। 22 जून को इसकी जानकारी करने के लिए वह अधिवक्ता के पास गई। आरोप है कि रुपये वापस करने के साथ ही अधिवक्ता ने रिवीजन दायर करने से भी इनकार कर दिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। पीड़ित महिला ने एसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।