युवक ने फांसी लगा खुदकुशी की
बीसलपुर। मोहल्ला दुर्गाप्रसाद के एक युवक ने शराब के लिए घरवालों से रुपये न मिलने से क्षुब्ध होकर सोमवार की शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी सविता देवी ने बताया कि उनका 18 वर्षीय अविवाहित पुत्र रंजीत कुमार शराब पीने का आदी था और कोई काम नहीं करता था। वह घरवालों से आए दिन शराब पीने के लिए पैसे मांगता रहता था। रंजीत ने सोमवार को भी अपनी मां से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। मां ने पैसे न होने की बात कहकर मना कर दिया, इससे रंजीत नाराज हो गया। रंजीत ने शाम को दो मंजिला पर स्थित कमरे में जाकर रस्सी से फांसी का फंदा बनाया और उस पर झूल गया। कुछ देर बाद जब सविता देवी ऊपर वाले कमरे में गई तो कमरा अंदर से बंद था। सविता देवी ने खिड़की से झांककर देखा तो रंजीत फांसी के फंदे पर लटका दिखाई दिया। कोतवाल माधोसिंह विष्ट ने बताया कि सविता देवी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ब्यूरो