जेल पहुंचते ही वारंटी की बिगड़ी तबीयत, रेफर
पीलीभीत। जेल पहुंचने के कुछ देर बाद ही वारंटी गजरौला निवासी पूरनलाल (65) की बृहस्पतिवार रात तबीयत बिगड़ गई। जेल अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया। यहां इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर शुक्रवार को हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
डिप्टी जेलर विनोद कटियार ने बताया कि पूरनलाल बृहस्पतिवार शाम को ही जेल आया था। वह सांस का मरीज है। दिक्कत होने पर रात करीब 8.25 बजे उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। इधर, पूरनलाल के परिजनों ने बताया कि बीस साल पहले हत्या के एक मामले में वह गवाह है। हाईकोर्ट में सुनवाई की तारीख पर न पहुंचने पर उनके खिलाफ वारंट जारी हो गया था। इस पर उनको गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया था।