दूसरे दिन पीड़ित बरेली के इज्जतनगर तहरीर देने पहुंचा
लोन दिलाने और सोलर पैनल लगाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला
पीलीभीत। बरेली में लाखों की ठगी कर भागे आरोपी को पीड़ित ने सुरागरसी कर दो महीने बाद पीलीभीत में कंपनी चलाते धर दबोच सुनगढ़ी पुलिस को सौंपा था। अब मामले में कार्रवाई बरेली पुलिस द्वारा की जाएगी। ऐसे में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद हिरासत में लिए गए आरोपी को सुनगढ़ी पुलिस बरेली पुलिस के सुपुर्द करेगी।
सोलर पैनल और लोन दिलाने के नाम पर बरेली की देवरनिया निवासी सादमा अंसारी और अन्य लोगों से मई 2017 में एक युवक ने 11 लाख की ठगी कर ली थी। सितंबर माह में खोले गए कार्यालय को ताला लगाकर वह भाग गया था। दो महीने की तलाश के बाद पीड़िता ने अपने साथियों की मदद से बृहस्पतिवार को पीलीभीत के गांधी स्टेडियम रोड पर आरोपी अमरिया के मुगलखेड़ा गांव निवासी युवक को उसी नाम से कंपनी चलाते धर दबोचकर सुनगढ़ी पुलिस के हवाले किया था। मामले में दूसरे दिन पुलिस ने कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट की है। एसएचओ मुहम्मद कासिम ने बताया कि घटना बरेली जिले में हुई है। ऐसे में ठगी के शिकार लोग अपनी इच्छानुसार इज्जतनगर (बरेली) थाना में मुकदमा दर्ज कराने गए हुए हैं। वह वहीं पर कार्रवाई कराना चाहते है। बरेली पुलिस से संपर्क साधा जा रहा है। मुकदमा दर्ज होने के बाद हिरासत में लिए गए आरोपी को बरेली पुलिस के सुपुर्द कर दिया जाएगा।