पीलीभीत। किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहे आरोपी की प्रेमिका उसके बचाव में उतर आई है। किशोरी के पिता को मुकदमा वापस न लेने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। जिससे पूरा परिवार भयभीत है। पीड़ित पिता ने एसपी को दुखड़ा सुनाते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही प्रेमिका पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान ने एसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया कि उसकी नाबालिग बेटी से 19 मई को दुष्कर्म किया गया था। जिसमें गांव के ही छत्रपाल और ओमप्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने आरोपी छत्रपाल की गिरफ्तारी कर जेल भेज दिया, लेकिन दूसरे आरोपी ओमप्रकाश की आज तक धरपकड़ नहीं की जा सकी है। आरोप है कि ओमप्रकाश की प्रेमिका उसके बचाव के लिए पीड़ित को धमका रही है। पूर्व में दर्ज कराई गई रिपोर्ट को वापस न लेने पर पीड़ित को रेप के मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है। आए दिन रास्ते में रोक गाली गलौज की जाती है। उक्त महिला से खुद को और परिवारीजनों को खतरा जताते हुए पीड़ित ने सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसपी देवरंजन वर्मा ने थाना पुलिस से प्रकरण से जुड़ी जानकारी कर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है।