पीलीभीत। शहर में किराये पर कमरा लेकर रह रही जहानाबाद की युवती के फंदा लगाकर जान देने के मामले में सीओ सिटी ने जांच शुरू कर दी है। खुदकुशी की वजह तक पहुंचने और मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए अब सर्विलांस की मदद ली जा रही है। ऐसे में युवती के मोबाइल की घटना से दस दिन पहले की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। उसी के सहारे पुलिस सुराग जुटाने की कोशिश करेगी। इधर, परिजन लगातार मुकदमा दर्ज कर दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। जहानाबाद थाना क्षेत्र के कनाकोर सकतपुर गांव निवासी किसान जितेंद्र पाल सिंह की 22 वर्षीय पुत्री सभ्यता शहर के एकता नगर कॉलोनी में किराये के मकान में रहती थी। वह पीलीभीत के एक प्राइवेट अस्पताल में काम करती थी। एक अप्रैल को उसका शव दुपट्टे से बने फंदे पर लटका मिला था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत की पुष्टि होने पर मामला खुदकुशी का निकला। बुधवार को युवती के पिता जितेंद्र पाल सिंह ने एएसपी रोहित मिश्र से मुलाकात कर आत्महत्या की वजह पता लगाकर दोषी पर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। जिसके बाद सीओ सिटी को जांच दी गई। इसके बाद अब एक माह से ठंडे बस्ते में पड़े मामले में नए सिरे से कार्रवाई की शुरुआत की गई है। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि घटना से लेकर दस दिन पूर्व की सभ्यता के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाने को रिपोर्ट भेज दी गई है। इससे काफी मदद मिलेगी। जांच कर सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।