प्लाट दिलाने के नाम पर एक युवक से जालसाजों ने एक लाख 85 हजार रुपये ठग लिए। कई दिनों तक बैनामा कराने के लिए टरकाया जाता रहा। इसके बाद जब पीड़ित ने ठगी का अहसास होने पर रुपया वापस मांगा तो मारपीट कर भगा दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। राजीव कॉलोनी निवासी मोहम्मद हनीफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि इस्लाम नगर नौगवां पकड़िया के रहने वाले मुमताज होशियार व तसलीम से प्लॉट खरीदने की बात कही थी। आरोपियों ने इस्लाम नगर में 180 वर्ग गज का एक प्लॉट दिखाया। जिसका सौदा तय कर लिया गया। वर्ष 2012 में इसके लिए पीड़ित ने 1.85 लाख रुपये दिए। बकाया रुपया बैनामा के बाद देने की बात तय की गई। आरोप है कि इसके बाद से पीड़ित लगातार बैनामा कराने के लिए चक्कर लगाता रहा, लेकिन आरोपी टालमटोल करते रहे। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने 28 अप्रैल को आरोपियों के घर जाकर दिया गया रुपया वापस मांगा तो आरोपियों ने मारपीट कर भगा दिया। इंस्पेक्टर सुनगढ़ी हरगोविंद सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। प्लाट दिलाने के नाम पर ठगे 1.85 लाख रुपये