पीलीभीत के बीसलपुर में मंगलवार को हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को सूचना दी कि एक बरातघर में दूसरे धर्म के कुछ लोग धर्म परिवर्तन करा रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर कुछ लोग वहां से निकल लिए। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की गई।
बीसलपुर के एक बरात घर में दूसरे धर्म के लोग अपनी बैठक कर रहे थे। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं का कहना है कि ये लोग हिंदू समाज के लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे। हिंदू जागरण मंच के नगर अध्यक्ष नागेंद्र सिंह और सुरेंद्र कुमार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर धर्म परिवर्तन की कोशिश का आरोप लगाया।
तहरीर मिलने पर पुलिस ने मारा छापा
तहरीर में दियोरिया के एक व्यक्ति को नामजद और उसके आठ दस साथियों को अज्ञात बताया गया। तहरीर मिलते ही पुलिस ने बरात घर पर छापा मारा। पुलिस को देखकर अधिकांश लोग मौके से भाग गए। पुलिस के साथ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी गए थे। पुलिस नामजद आरोपी को कोतवाली ले आई। उससे पूछताछ की।
इस दौरान हिंदू जागरण मंच के जिला संपर्क प्रमुख रिषभ पांडेय, नगराध्यक्ष अनूप मिश्रा, नगर उपाध्यक्ष नागेंद्र राठौर, जिला प्रभारी प्रशांत त्रिवेदी, गौरक्षा प्रमुख विशाल भोजवान, सर्वेश कुमार और सुशील शर्मा आदि भी थाने पहुंच गए। कोतवाली के वरिष्ठ पुलिस उपनिरीक्षक गुरुदेव सिंह ने बताया कि जांच में तहरीर में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।