घुंघचाई थाना गेट के समीप पुलिस के खिलाफ धरना देकर प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर। भाकियू ने घुंघचाई थाना गेट पर धरना देकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी जमीनी विवाद में समझौते के नाम पर एक पक्ष को रुपये दिलवाने और लेने के बाद दूसरे पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप लगा रहे थे। थाना गेट पर धरना प्रदर्शन की सूचना पर पहुंची सीओ ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। समझौते में दिए गए रुपये वापस कराने और जांच के बाद कार्रवाई होने का आश्वासन दिया। इस पर प्रदर्शनकारी शांत हुए।
भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष लालू मिश्रा के नेतृत्व में मंगलवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने घुंघचाई थाना गेट के समीप पुलिस के खिलाफ धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि गांव सिमरिया में दो भाइयों में जमीनी विवाद पर पुलिस ने छह जनवरी को दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता करा दिया।आरोप है कि समझौते में एक पक्ष से 20 हजार रुपये लिए गए। इसमें से 15 हजार रुपये दूसरे पक्ष को दिए गए। आरोप है कि पांच हजार रुपये समझौता कराने वाले हल्का दरोगा ने रख लिए। समझौते के बाद पुलिस ने जिस पक्ष से रुपये दिलवाए उसी के खिलाफ दूसरे पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली। प्रदर्शनकारी दिलाए गए और लिए गए रुपये वापस कराने, समझौता के बाद रिपोर्ट दर्ज होने पर समझौता कराने वाले दरोगा पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। धरना प्रदर्शन की सूचना पर सीओ ज्योति यादव मौके पर पहुंचीं।
सीओ ज्योति यादव ने जांच के बाद कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया जिस पर प्रदर्शनकारी माने।
धरना प्रदर्शन करने वालों में भाकियू के जिला उपाध्यक्ष बबलू सिंह, सत्यपाल वर्मा, धर्मेंद्र गुप्ता, रामसेवक, प्रेमपाल, अजय वर्मा, राममूर्ति, सीताराम, आत्माराम आदि थे।