शहर के मोहल्ला मोहतसिम खां में दिन दहाड़े व्यापारी के घर चोरी करने वाला आरोपी आमिर। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। मोहल्ला मोहतसिम खां में दिनदहाड़े सात लाख की चोरी करने के बाद आरोपी नेपाल में जाकर छिप गया था। शहर में आते ही पुलिस ने बृहस्पतिवार को नेहरू पार्क के पास से आरोपी मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी आमिर को पकड़ लिया। उसके पास से 38 हजार रुपये और जेवर बरामद किए गए हैं। आईजी ने घटना का खुलासा किया। इसके बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
सदर कोतवाली के मोहल्ला मोहतसिम खां निवासी मोहित अग्रवाल के घर में दो जनवरी को दिनदहाड़े चोरी हो गई थी। चोर साढ़े चार लाख रुपये समेत लाखों के जेवर चोरी कर ले गया। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी। सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की पुलिस ने पहचान कर ली।
आरोपी की पहचान मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी आमिर के रूप में हुई । मगर आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका। बृहस्पतिवार को पुलिस ने आमिर को नेहरू पार्क के पास गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस व घटना में प्रयोग की गई स्कूटी बरामद हुई। उसके पास से पुलिस ने 38080 रुपये और सोने-चांदी के आठ आभूषण बरामद किए।
पूछताछ में आमिर ने बताया कि घटना करने के बाद वह नेपाल चला गया था। वहां दस दिन रुका। इसके बाद उत्तराखंड के कस्बा बनवास में रुका रहा। शहर में आने के बाद उसे पुलिस ने पकड़ लिया। चोरी की गई नकदी नेपाल में खर्च हो गई।
000
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी का पता लगा लिया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सामान भी बरामद कर लिया है।
- अतुल शर्मा, एसपी