पीलीभीत। निजी कार से जंगल में गए सैलानियों ने सोमवार का जमकर हुड़दंग किया। जंगल मार्ग पर बाघ को देखकर कार सवार नीचे उतर आए और शोर मचाने लगा। इस पर वहां खड़े जंगल सफारी वाहन पर सवार सैैलानियों ने उन्हें टोका। इसी बात पर कार सवार युवकों की सैलानियों से नोकझोंक हो गई। युवक मारपीट पर उतारू हो गए। मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
टाइगर रिजर्व में प्रतिबंधित मार्गों पर हमेशा प्राइवेट वाहनों का प्रवेश वर्जित रहता है। पर्यटन सत्र के दौरान जंगल सफारी के चिह्नित रूट खोल दिए जाते हैं। इधर नए साल को लेकर सैलानियों की चूका बीच में आमद अधिक हो रही है। सोमवार को दूसरे शिफ्ट से कुछ सैलानी जंगल सफारी से मुस्तफाबाद के जंगल में घूम रहे थे। इसी दौरान कच्ची पटरी पर चहलकदमी करता हुआ बाघ दिखाई दिया। चालक ने सफारी वाहनों को रोक दिया। इसी दौरान एक निजी कार भी मौके पर पहुंच गई। बाघ देख कार में सवार युवक नीचे उतर आए। शोर मचाते हुए बाघ की वीडियो बनाने लगे। कार का हार्न बजाने लगे। इस दौरान बाघ उनकी तरफ बढ़ने लगा। यह देखक जंगल सफारी के चालक, गाइड और दूसरे सैलानियों ने युवकों से शोर न मचाने को कहा। इस पर कार सवार युवक झगड़े पर उतारू हो गए। सैलानियों से गाली गलौज करने लगे। काफी समय तक नोकझोंक होती रही। बैरियर पर पहुंचने के बाद जंगल सफारी के गाइड ने घटना की जानकारी वनकर्मियों को दी। पीछे से बैरियर पर पहुंचे कार सवार फिर सैलानियों से भिड़ने लगे। लोगों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
--
घटना में लिप्त लोगों की पड़ताल की जा रही है। मामले से अफसरों को अवगत कराया जाएगा।
- बजीर हसन, रेंजर महोफ