पीलीभीत। मोहल्ला थानसिंह में शुक्रवार को चोर होने की सूचना पर पहुंची पुलिस को घर में बक्से में मंदबुद्धि युवक बैठा मिला। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
मोहल्ला थानसिंह निवासी मनोज सिंह लोधी की पत्नी दोपहर में डेढ़ बजे अपने मकान की तीसरी मंजिल पर गई थीं। वहां उन्हें कमरे के बाहर सामान बिखरा मिला। कुछ खून के धब्बे दिखे। इस पर उन्हें कमरे के अंदर चोर होने की आशंका हुई। उन्होंने सूचना पुलिस को दी। सुनगढ़ी इंस्पेक्टर राजीव शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कमरे की तलाश ली तो बक्से में एक युवक छिपा मिला। पूछताछ में वह मंदबुद्धि निकला। उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे। जो गिरने के कारण बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ में उसने मोहल्ले में ही रहने वाले रिश्तेदार के बारे में बताया जिसको पुलिस ने सूचना देकर जिला अस्पताल बुला लिया। रिश्तेदारों से जानकारी करने पर पता चला कि युवक बिलसंडा क्षेत्र के एक गांव का रहना वाला है। उसकी मोहल्ला सुनगढ़ी में रिश्तेदारी है। कुछ दिन पूर्व वह सुनगढ़ी में रिश्तेदारी में आया था। सुबह अचानक युवक लापता हो गया। रिश्तेदार उसकी तलाश कर रहे थे। थाने में पुलिस से भी संपर्क किया था। इंस्पेक्टर राजीव शर्मा ने बताया कि युवक मंदबुद्धि है। मकान का दरवाजा खुला होने के कारण वह घर में घुस गया था। गिरने के कारण उसको चोट लगी है। डर के कारण वह बक्से में छिपा था।